देवनागरी टाईपिंग
मैं पिछले दस सालों से कंप्यूटर पर हिन्दी में काम कर रहा हूँ, वैसे तो ये समय बहुत कम है, लेकिन मुफ़्त में मिलने वाले लगभग सारे हिन्दी टाईप करने के जुगाड़ मैंने इस्तेमाल कर चुका हूँ। न जाने कितने हिन्दी जालों पर इसके लिए सुझाव पढ़े। पर मैंने आज तक वो नहीं पढ़ा (किसी ने शायद लिखा हो) जो सबसे अच्छा है।
यदि आपके पास अपना कंप्यूटर नहीं है और आप इंटरनेट कैफ़े से काम चलाते हैं, तो बसेरा जैसा कोई हिन्दी टाईप करने का जुगाड़ अच्छा रहेगा। हालांकि “यूनि नागरी एन पी“ बसेरा से अच्छा है लेकिन इसका ऑफ़लाईन वर्जन डाऊनलोड करने में दिक्कत आती है। लेकिन बसेरा “ई-पेज“ को आप बस सेव/save कर लें, फिर जब चाहें इस्तेमाल करें। इन्हें आप अपनी फ़्लोपी या पेन-ड्राईव में भी रख सकते हैं, ये ई-फाईल बेहद छोटी हैं। लेकिन अगर आप अपने कम्प्यूटर पर विन्डो में काम करते हैं तो कोई जुगाड़ करने की जरूरत नहीं है। आप लैंगवेज बार में हिन्दी शामिल करके शान ने हिन्दी में काम करें। इसके लिए आपको विंडो (किसी भी वर्जन) की सीडी चाहिए जोकि आपके पास होगी ही वर्ना किसी मित्र से पाँच मिनट के लिए उधार ले लें।
अगर कंप्यूटर में एक से अधिक भाषाएं हो तो, विंडोज़ में नीच-दाईं ओर अंग्रेजी के लिए “EN” और हिन्दी के लिए “HI” वगैरह लिखा रहता है। इसको लैंगवेज़ बार कहते हैं। इसमे भाषा बदलने के लिए ऑल्ट+शिफ्ट का प्रयोग करते हैं। यदि कंप्यूटर में सिर्फ एक ही भाषा होतो लैंगवेज़ बार नहीं होता। लैंगवेज़ बार में भाषा (हिन्दी) शामिल करने के लिए….
(ये बहुत ही सरल है लेकिन और अधिक सरलाता के लिए मैंने विस्तार से लिखा है, इसलिए देखने में थोड़ा लम्बा या जटिल लगता है।)
(विस्ता में हिन्दी शामिल करने के लिए कोई सीडी नहीं चाहिए होती। बस नीचे लिखे तीसरे चरण के अनुसार हिन्दी को एड करना होता है।)
1. सीडी रोम में विंडोज़ की सीडी डाल दें, सीडी का ऑटोरन खुले तो उसे बन्द कर दें।
2. विन्डोज़ में नीचे-बाईं ओर start> Control Panel> Regional and Language Options (यदि ये दिखाई न दे तो बाईं ओर ऊपर लिखा होगा Switch to Classic View इसे क्लिक करने पर मिल जाएगा) >Languages> Install files for complex script and right-to-left language (including Thai) इसे सलैक्ट करके Apply क्लिक कर दें। OK करते जाएं। अगर अपने आप इंस्टाल न हो तो…. ब्राऊज़ के लिए एक छोटा सा पेज खुलेगा उसमें जिस फाईल की मांग की गई हो उसे सीडी के फोल्डर i386 में में ढूँढ कर, उसका रूट ब्राऊजर को दिखा कर ओके कर दें। बस काम हो गया।
3. फिर से …. start> Control Panel> Regional and Language Options > Languages> Details..> Add..>
Input language में Hindi चुन लें। (या कोई भी भारतीय भाषा चुन सकते हैं।)
keyboard layout/IME में Hindi Traditional चुन लें।
इसके बाद OK करते चले जाएं। लैंगवेज़ बार में हिन्दी शामिल हो जाएगी।
अब आपके कंप्यूटर में भारत की अन्य भाषाएं भी इंस्टाल हो गई हैं, लैंगवेज़ बार में उन्हें शामिल करने के लिए बस आपको start> Control Panel> Regional and Language Options > Languages> Details..> Add.. करना है।
अगली बार जब आप नई विंडो इंस्टाल करें तो, इंस्टाल करते समय जब टाईम-जोन वैगरह का विकल्प आए तो उन्हीं विकल्पों में Install files for complex script and right-to-left language (including Thai) चुन कर ओके कर देना, तो विंडो इंस्टाल हो जाने के बाद, कभी भी, बिना सीडी के ऊपर लिखे तरीके (तीसरे चरण) से कोई भी भारतीय भाषा लैंगवेज़ बार में शामिल कर सकते हैं।
अब कॉपी-पेस्ट का कोई झंझट नहीं, यहां तक की अब आप फाईल और फोल्डरों के नाम हिन्दी में लिख सकते हैं। यूनिकोड समर्थित प्रोग्राम में सीथे हिन्दी टाईप कर सकते हैं।
आरंभ में आपको दिक्कत आएगी, क्योंकि आप इंस्क्रिप्ट (की बार्ड ले-आऊट) में ही टाईप कर सकते हैं। लेकिन इंस्क्रिप्ट ही भारतीय भाषाओं के लिए स्टैंडर्ड ले-आऊट है, आज नहीं तो कल सभी लोग इसी को अपनाएंगे। इस लिए जितनी जल्दी हो सके इंस्क्रिप्ट से टाईप करना शुरु करें। वैसे बराह और कैंफ़े अच्छे प्रोग्राम हैं, इनमें टाईप करना आसान हैं, कैफ़े में कई की-बार्ड ले-आऊट भी हैं, लेकिन ये जुगाड़ मात्र हैं।
मैंने लगभग सभी प्रचलित ले-आऊट से टाईप किया है, शुरु में सभी से दिक्कत आती है और बाद में सभी आसान लगते हैं, ये सिर्फ अभ्यास की बात है। मैंने अपने बनाए हुए हिन्दी फ़ोंट के लिए बेहतरीन कीबार्ड ले-आऊट बनाया, उसमें संस्कृत के सारे चिह्न भी थे, बिना किसी कमांड के सिर्फ कीबोर्ड से सब टाईप हो जाता था। वो अपना बनाया हुआ था, लेकिन वो भी आख़िर जुगाड़ ही था। इसलिए सब को अल-विदा कह दिया।
मुझे अब तक हिन्दी (यूनिकोड) लिखने के लिए “Arial Unicode MS एरियल यूनिकोड एम एस” सबसे सुन्दर फ़ोन्ट लगा। मंगल तो बहुत ही बेडौल है, लेकिन विंडोज़ में डिफ़ाल्ट है इस लिए नेट पर मंगल ही इस्तेमाल करना चाहिए।
हिन्दी के इंस्क्रिप्ट की-बोर्ड में ये सब ॐ ऎ ॆ ऒ ॊ ॥ < > ? {} [] \ / + = _ ! ऽ १ २ ३ ४ ५ ६ ७ ८ ९ ० ” या इसके अतिरिक्त कुछ और लिखना चाहें इनके लिए आल्ट+एक्स, नंबर आल्ट+एक्स, आल्ट+कंट्रोल, आल्ट+कंट्रोल+शिफ्ट इत्यादि कमांडे हैं, लेकिन अपनी सुविधा के लिए आप अपनी कमांडे बना सकते हैं- एडिट>सिम्बल में जाकर मंगल फ़ोन्ट सलेक्ट करें, फिर अक्षर/चिह्न सलैक्ट करके नीचे विकल्प में जाकर अपनी कमांड भर दें।